जयराम महतो ने जनता दरबार में सुनी फरियाद, 7 जरूरतमंदों को दिए 1 लाख रुपये
गिरिडीह। डुमरी विधायक जयराम महतो ने रविवार को अपने आवास पर जनता दरबार लगाकर अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे जरूरतमंद फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अपनी निजी वेतन राशि से सात जरूरतमंदों को कुल एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। सभी लाभुकों को उनकी जरूरत के अनुसार अलग-अलग चेक के माध्यम से सहायता दी गई।
जनता दरबार में पहुंचे फरियादियों में किसी के सामने दुर्घटना से जुड़ी परेशानी थी, तो कोई कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। वहीं कुछ लोगों को इलाज, अस्पताल की दवा और शिक्षा संबंधी खर्च के लिए आर्थिक सहयोग की जरूरत थी। एक फरियादी ने B.Ed. में रजिस्ट्रेशन के लिए भी आर्थिक सहायता की मांग की थी।
दुग्धा के पीड़ित को 25 हजार रुपये, जरीडीह के पीड़ित को 25 हजार रुपये, तेलो के पीड़ित को 15 हजार रुपये, पहाड़पुर-तोपचांची के जरूरतमंद को 15 हजार रुपये, ऊपरघाट-पेंक-नारायण के जरूरतमंद को 15 हजार रुपये तथा गिरिडीह सदर के दो जरूरतमंदों को 2,500-2,500 रुपये की सहायता दी गई।
इस मौके पर विधायक जयराम महतो ने कहा कि उनके दरवाजे पर आने वाला हर व्यक्ति उनके लिए समान है। जाति, धर्म, क्षेत्र या किसी भी प्रकार के भेदभाव से ऊपर उठकर अपनी क्षमता के अनुसार हर जरूरतमंद की मदद करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता दरबार सिर्फ समस्याएं सुनने का मंच नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़े होने का भी संकल्प है।

