गढ़वा में युवक को सीने में मारी गोली, गंभीर हालत में रांची रिम्स रेफर

गुर्दी पहाड़ के पास युवक को सीने में मारी गोली, रांची रेफर

गढ़वा: गढ़वा थाना क्षेत्र के गुर्दी गांव में मंगलवार सुबह अपराधियों ने शेख कुदुस अंसारी को गोली मार दी। वह दूध लेकर गढ़वा जा रहे थे। गुर्दी पहाड़ के पास गांव के ही कुछ लोगों ने उनके सीने में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए रांची रिम्स रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार, कुदुस के परिवार का गांव के कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा है। इसी विवाद को घटना का कारण बताया जा रहा है। सूचना पर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायल से घटना की जानकारी ली। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच और आरोपियों की पहचान में जुटी है।