बंगाल में UCC लागू करने का ऐलान, 6 महीने में ‘लव जिहाद’ और ‘लैंड जिहाद’ पर कानून का दावा

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और गुजरात की तर्ज पर बंगाल में भी UCC लागू किया जाएगा और अगले छह महीने के भीतर ‘लव जिहाद’ तथा ‘लैंड जिहाद’ के खिलाफ सख्त कानून लाए जाएंगे।

अधिकारी ने बताया कि UCC के प्रस्तावित ड्राफ्ट की समीक्षा के लिए सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है। प्रस्तावित UCC में शादी, तलाक, विरासत और गोद लेने जैसे मामलों में समान नागरिक नियमों का प्रावधान होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार संविधान के तहत काम करेगी और भारतीय संस्कृति, परंपराओं तथा मंदिर-मठों की रक्षा करेगी। साथ ही उन्होंने 1,000 करोड़ रुपये की लागत से धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने की घोषणा की, जिसे दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।