तिसरी में मुंशी के अपहरण और हत्या की गुत्थी सुलझी, 48 घंटे में चार आरोपी दबोचे

तिसरी में मुंशी के अपहरण और हत्या की गुत्थी सुलझी, 48 घंटे में चार आरोपी दबोचे

गिरिडीह। तिसरी थाना क्षेत्र के खुटपोंक गांव के बाधमारी मोड़ से एचएनएससी कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी मंजीश कुमार (42) के अपहरण के बाद हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के महज 48 घंटे के भीतर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बिहार के चिचरा-जमुई क्षेत्र के पिपरातरी जंगल से मंजीश कुमार का शव भी बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में देवघर जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र निवासी इम्तियाज अंसारी (39), मुजफ्फरपुर के कथैया थाना क्षेत्र निवासी शिव कुमार (30), तिसरी के भोगताडीह निवासी पिंटू कुमार यादव (30) तथा धनवार थाना क्षेत्र निवासी राजेश कुमार सिंह (24) शामिल हैं।

मामले को लेकर मंजीश कुमार के भाई गौतम कुमार के आवेदन पर तिसरी थाना में कांड संख्या 77/26 दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह एसपी के निर्देश पर खोरीमहुआ एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से जांच को आगे बढ़ाते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में हत्या के पीछे कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर उपेंद्र चौधरी और मंजीश कुमार के बीच चल रहा विवाद सामने आया है। बताया गया कि काम में हस्तक्षेप, डीजल और अन्य खर्चों को लेकर दोनों के बीच विवाद था। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद को लेकर उपेंद्र चौधरी ने पिंटू कुमार यादव समेत अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर मंजीश की हत्या की साजिश रची।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, खून लगा पत्थर, सखुआ का डंडा और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और हत्या की पूरी साजिश के संबंध में भी जांच कर रही है।