हजारीबाग में CISF की बड़ी कार्रवाई, 36 मीट्रिक टन अवैध कोयला लदा ट्रक जब्त

हजारीबाग में CISF की बड़ी कार्रवाई: अवैध कोयला लदा ट्रक जब्त, लगभग 36 मीट्रिक टन कोयला बरामद

हजारीबाग, 28 अक्टूबर 2026। अवैध कोयला खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की केऔसुब इकाई एनटीपीसी-सीएमपी, हजारीबाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 36 मीट्रिक टन अवैध कोयला लदे एक ट्रक को जब्त किया है। ट्रक सहित कोयले का कुल वजन 54.170 मीट्रिक टन पाया गया। यह कार्रवाई विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त सूचना के आधार पर की गई।

केऔसुब इकाई एनटीपीसी-सीएमपी, हजारीबाग के उप कमांडेंट श्री सुरेश जी के निर्देशन में तथा सहायक कमांडेंट श्री संजीव कुमार मीणा की उपस्थिति में दिनांक 27.10.2026 को रात्रि 2100 बजे से चरही के 14 माइल एवं हथियारी मोड़ के समीप एम्बुश लगाया गया था। इसी दौरान रात्रि लगभग 2230 बजे एम्बुश पार्टी ने अवैध कोयला लदे एक ट्रक को देखा और इसकी सूचना तत्काल मौके पर तैनात केऔसुब की त्वरित प्रतिक्रिया टीम (QRT) को दी।

सूचना प्राप्त होते ही QRT पार्टी ने अपने वाहनों से उक्त ट्रक का पीछा किया। लगभग 06 से 07 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद ट्रक को डेमोटांड़ स्थित गणपति धर्मकांटा के पास रोक लिया गया। ट्रक की जांच के दौरान उसमें लदे कोयले के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। फलस्वरूप, उक्त ट्रक को उसमें लदे कोयले सहित जब्त कर लिया गया।

विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त सूचना के अनुसार, जोराकाट क्षेत्र में अवैध रूप से कोयले का खनन कर दासोखाप में उसका अवैध भंडारण किया जा रहा था। साथ ही, नए एवं वैकल्पिक रास्तों के माध्यम से कोयले का परिवहन किए जाने की जानकारी भी प्राप्त हुई थी। इसी सूचना के आधार पर CISF द्वारा उक्त क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए यह कार्रवाई की गई।

जब्त ट्रक का वजन केऔसुब बल सदस्यों की निगरानी में कराया गया। वजन के दौरान ट्रक सहित कोयले का कुल वजन 54.170 मीट्रिक टन पाया गया, जिसमें लगभग 36 मीट्रिक टन कोयला लदा होने का अनुमान है। जब्त ट्रक को केऔसुब की निगरानी में सुरक्षित रखा गया है। मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 (MMDR Act) के लागू प्रावधानों के तहत अग्रिम आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

CISF ने इस अभियान में स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग एवं उनके द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की है। बल ने कहा कि ग्रामीणों से प्राप्त सूचनाएं अवैध कोयला खनन, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने में सहायक सिद्ध हो रही हैं। स्थानीय समुदाय का सहयोग इस प्रकार के अभियानों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण है।

CISF ने स्पष्ट किया है कि कोयले के अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।