राजस्व उपनिरीक्षक की हत्या के विरोध में कांडी में काला बिल्ला लगाकर प्रदर्शन, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

कांडी प्रखंड कार्यालय में काला बिल्ला लगाकर कार्य करते राजस्व कर्मचारी सह अंचल निरीक्षक गणेश चौधरी।

राजस्व उपनिरीक्षक की हत्या से आक्रोशित संघ ने शुरू किया विरोध, दोषियों की गिरफ्तारी और फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की मांग

कांडी (गढ़वा)। रांची के अरगोड़ा अंचल में कार्यरत राजस्व उपनिरीक्षक लक्ष्मी कांत मुंडा की हत्या के विरोध में झारखंड राज्य राजस्व उपनिरीक्षक संघ के आह्वान पर राज्यव्यापी विरोध कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को कांडी प्रखंड कार्यालय में राजस्व कर्मचारी सह अंचल निरीक्षक (सीआई) गणेश चौधरी ने काला बिल्ला लगाकर काम किया। राजस्वकर्मियों ने इस घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी सजा और सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
संघ की ओर से 26 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राजस्व उपनिरीक्षक लक्ष्मी कांत मुंडा की हत्या 24 अक्टूबर 2026 को हुई थी। इस घटना से राज्यभर के राजस्वकर्मियों में रोष व्याप्त है। संघ ने हत्या की कड़ी निंदा करते हुए सरकार से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराने, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने तथा शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन करने की मांग की है।
संघ द्वारा जारी कार्यक्रम के तहत 27 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों में कैंडल मार्च निकालने, 28 अक्टूबर को काला बिल्ला लगाकर कार्य करने तथा 29 अक्टूबर को काला कलम बंद आंदोलन करने का आह्वान किया गया है। इसी के तहत कांडी में भी काला बिल्ला लगाकर काम करते हुए राजस्वकर्मियों ने अपना विरोध दर्ज कराया।
संघ ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा के प्रति सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए। यदि दोषियों की गिरफ्तारी और न्याय दिलाने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। राजस्वकर्मियों ने सरकार से घटना में शामिल आरोपियों के विरुद्ध त्वरित कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।