चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर गिरिडीह प्रशासन अलर्ट, 28 से 30 अक्टूबर तक बारिश की आशंका
गिरिडीह: चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए गिरिडीह जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। 28 से 30 अक्टूबर तक बारिश की आशंका के मद्देनजर उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आपात स्थिति से निपटने की तैयारी पूरी रखने का निर्देश दिया है।
प्रशासन ने निचले इलाकों, जलजमाव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों, पुल-पुलियों और कमजोर संरचनाओं के आसपास विशेष सावधानी बरतने को कहा है। नगर निकायों को जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने, जबकि पुलिस, स्वास्थ्य, बिजली और आपदा प्रबंधन विभाग को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है।
किसानों से मौसम को ध्यान में रखकर कृषि कार्यों की योजना बनाने की अपील की गई है। वहीं, आम लोगों को खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने, वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने और टूटे बिजली के तारों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

