शहीद अजय टुडू का 18वां शहादत दिवस मनाया गया, मंत्री फागु बेसरा समेत सैकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि

गिरिडीह। मरांग बुरू संस्थान के संस्थापक अमर शहीद अजय टुडू का 18वां शहादत दिवस रविवार को पीरटांड़ स्थित शहीद सिद्धू-कान्हू मध्य विद्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, झामुमो पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों ग्रामीणों ने शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जीवन, संघर्ष तथा समाज के प्रति समर्पण को याद किया।
कार्यक्रम में झारखंड सरकार के दर्जा प्राप्त मंत्री फागु बेसरा, दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू की धर्मपत्नी श्वेता शर्मा, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, जिला सचिव महालाल सोरेन, जिला सह सचिव दिलीप रजक, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, महताब मिर्जा, पीरटांड़ प्रमुख सविता टुडू, प्रखंड अध्यक्ष बिरजू मरांडी, प्रखंड कोषाध्यक्ष अंबिका राय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने शहीद अजय टुडू को आदिवासी अधिकारों, सम्मान और विकास के लिए संघर्ष करने वाला आदर्श व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि जनहित के लिए खड़े रहने और समाज के सुख-दुःख में साथ देने वाले शहीद का जीवन आज भी प्रेरणा देता है।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने शहीद अजय टुडू के विचारों और जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने समाज के अधिकारों, सम्मान और विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।