गिरिडीह में 29 अक्टूबर से राज्य स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट, राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए होगा चयन

गिरिडीह डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में 29 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक स्थानीय बैडमिंटन इंडोर स्टेडियम में चार दिवसीय राज्य स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट आयोजित होगा। यह प्रतियोगिता ‘योनेक्स-सनराइज झारखंड स्टेट सब-जूनियर (अंडर-15 एवं अंडर-17 बालक-बालिका) चैंपियनशिप कम सिलेक्शन ट्रायल 2026’ के रूप में होगी।
टूर्नामेंट को लेकर एसोसिएशन की बैठक के बाद अध्यक्ष दिनेश प्रसाद यादव ने बताया कि इसमें झारखंड के सभी जिलों से चुनिंदा बालक एवं बालिका खिलाड़ी भाग लेंगे। टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा, जहां वे झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बैठक में कोर्ट व्यवस्था, तकनीकी प्रबंधन, रेफरी व अंपायर की नियुक्ति तथा बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र चौधरी, सचिव सुनील मोदी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।