गिरिडीह के योगीतांड़ में IRPC का वस्त्र वितरण शिविर, सैकड़ों जरूरतमंदों को मिले गर्म कपड़े

गिरिडीह। IRPC की ओर से योगीतांड़ में जरूरतमंद लोगों के बीच वस्त्र वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को रोजाना पहनने के वस्त्रों के साथ ठंड से बचाव के लिए गर्म वस्त्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे IRPC के अध्यक्ष शादाब अहमद ने कहा कि समाज में आज भी कई लोग आर्थिक तंगी के कारण अपनी बुनियादी जरूरतें पूरी नहीं कर पाते। इसी दृष्टि से संस्था ने वस्त्र वितरण शिविर का आयोजन किया, ताकि जरूरतमंदों तक राहत पहुँचाई जा सके।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सेवा केवल मदद करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में इंसानियत, आपसी सहयोग और भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम भी है। IRPC का उद्देश्य जरूरतमंदों की सहायता कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।
इस अवसर पर शादाब अहमद ने हदीस का हवाला देते हुए कहा कि जो व्यक्ति अपने भाई की जरूरत पूरी करने में जुटा रहता है, अल्लाह उसकी जरूरत पूरी करता है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की मदद आपसी भाईचारे, इंसानियत और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
संस्था की ओर से बताया गया कि IRPC भविष्य में भी सामाजिक कल्याण, वस्त्र वितरण और जनसेवा से जुड़े कार्यों को निरंतर जारी रखेगी। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था प्रबंधक इमरान आलम, मीडिया प्रभारी गुलाम मुस्तफा, मोहम्मद आसिफ, मोहम्मद समीर, मोहम्मद आज़ाद, नरेश कुमार व चंपा प्रसाद सहित अन्य कार्यकर्ताओं की भूमिका रही।