कांडी में पीडीएस दुकानदारों की समीक्षा बैठक, समय पर राशन वितरण और ई-केवाईसी पूरा करने का निर्देश
कांडी पंचायत सचिवालय में पीडीएस दुकानदारों के साथ समीक्षा बैठक करते प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मुकेश कुमार त्रिपाठी व अन्य।
समय पर राशन वितरण और ई-केवाईसी पूरा करने का निर्देश
स्मार्ट पीडीएस के माध्यम से ऑनलाइन होंगे राशन कार्ड से जुड़े कार्य, लाभुकों को सही जानकारी देने पर जोर
कांडी (गढ़वा)। कांडी प्रखंड के पंचायत सचिवालय में मंगलवार को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मुकेश कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के दुकानदारों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राशन वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाने, लाभुकों का ई-केवाईसी जल्द पूरा करने तथा राशन कार्ड से संबंधित कार्यों को स्मार्ट पीडीएस के माध्यम से ऑनलाइन कराने सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी पीडीएस दुकानदारों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के राशन कार्डधारियों का ई-केवाईसी जल्द पूरा कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करना जरूरी है। साथ ही डोर स्टेप डिलीवरी के माध्यम से खाद्यान्न की आपूर्ति निर्धारित समय पर सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में राशन कार्ड में नए सदस्य का नाम जोड़ने, किसी सदस्य का नाम हटाने तथा डीलर बदलने जैसे कार्यों को स्मार्ट पीडीएस के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर पूरा कराने की जानकारी दी गई। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने दुकानदारों से कहा कि वे लाभुकों को इन प्रक्रियाओं की सही जानकारी दें, ताकि उन्हें आवेदन करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने तथा लाभुकों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। दुकानदारों को सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और लाभुकों की समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर एजीएम शाहिद अंसारी, डीलर संघ के प्रखंड अध्यक्ष बृजमोहन मिश्रा, सचिव प्रमोद कुमार सिंह, डीलर अचपर विश्वकर्मा, राजेंद्र राम, राजू राम, अश्विनी तिवारी, विकास मेहता, कमलेश कुमार, सुनील प्रसाद सहित प्रखंड क्षेत्र के अन्य जन वितरण प्रणाली के दुकानदार उपस्थित थे।

