अहिल्यापुर में दिनदहाड़े डकैती से मचा हड़कंप, महिला को बंधक बनाकर 6 अपराधियों ने लूटे नकदी-जेवरात

अहिल्यापुर में दिनदहाड़े डकैती से मचा हड़कंप, महिला को बंधक बनाकर 6 अपराधियों ने लूटे नकदी-जेवरात

गिरिडीह। अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पंचनटांड गांव में बुधवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर डकैती की घटना को अंजाम दिया। दो बाइक से पहुंचे छह अपराधियों ने घर में मौजूद महिला को बंधक बना लिया और मारपीट कर नकदी व सोने के जेवरात लूटकर फरार हो गए।

बताया गया कि अपराधियों में से दो युवक पहले घर के दरवाजे पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाकर महिला से कहा कि उनके पशु ने खेत में लगी फसल को नुकसान पहुंचाया है। महिला द्वारा दरवाजा खोलते ही पीछे मौजूद चार अन्य अपराधी भी घर के अंदर घुस गए।

इसके बाद अपराधियों ने महिला को अपने कब्जे में लेकर उसके साथ मारपीट की और घर में रखे सामान की तलाशी शुरू कर दी। पीड़िता रीता देवी के अनुसार, अपराधी करीब 20 हजार रुपये नकद और लगभग 20 ग्राम सोने के जेवरात अपने साथ ले गए। लूटे गए जेवरात में दो मंगलसूत्र और एक जोड़ी पायल शामिल बताए गए हैं।

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी छह अपराधी दो बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद अहिल्यापुर थाना प्रभारी एनुअल हक ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है।