राधा स्वामी संगठन के झारखंड प्रभारी हिरासत में, करोड़ों की कथित धोखाधड़ी का आरोप
राधा स्वामी संगठन के झारखंड प्रभारी हिरासत में, करोड़ों की कथित धोखाधड़ी का आरोप
गिरिडीह। राधा स्वामी संगठन के झारखंड प्रभारी मुकेश सिन्हा को मंगलवार को पचंबा पुलिस ने उसके घर से हिरासत में लिया। उस पर राधा स्वामी योजना के नाम पर हजारों लाभुकों से करोड़ों रुपये लेने और बाद में फरार होने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस पिछले कई महीनों से मुकेश सिन्हा की तलाश कर रही थी। मंगलवार को पुलिस ने उसके घर पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया। इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लाभुक अपने कथित तौर पर डूबे पैसे की वापसी की उम्मीद में पचंबा थाना पहुंच गए।
थाना परिसर में लाभुकों की भीड़ जुटने से स्थिति गरमा गई। लोगों ने अपनी जमा राशि वापस दिलाने और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान लाभुकों में काफी आक्रोश देखा गया।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए मुकेश सिन्हा से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही कथित धोखाधड़ी की राशि, लाभुकों की संख्या और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

