पांकी के बब्लू मिस्त्री के घर दूसरी बार जली शिक्षा की लौ, छोटे बेटे इजाबुल का RIMS में चयन

पांकी के बब्लू मिस्त्री के घर दूसरी बार जली शिक्षा की लौ, छोटे बेटे मो. इजाबुल ने NEET UG निकालकर किया नाम रोशन

पांकी। पांकी प्रखंड के नवडीहा वन पंचायत के नवडीहा गांव से एक बार फिर प्रेरणा देने वाली खबर सामने आई है। यहां के जाने-माने ट्रैक्टर गैरेज संचालक बब्लू मिस्त्री उर्फ इसराइल अंसारी के छोटे पुत्र मोहम्मद इजाबुल ने NEET UG 2026 में सफलता हासिल कर RIMS मेडिकल कॉलेज, रांची में चयनित होकर पूरे पांकी प्रखंड का मान बढ़ाया है।
गौरतलब है कि यह इस परिवार की दूसरी बड़ी सफलता है। इससे पहले वर्ष 2022 में बब्लू मिस्त्री के बड़े पुत्र मोहम्मद अफजल ने भी NEET UG निकालकर RIMS रांची में दाखिला लेकर पूरे पलामू जिले का नाम रोशन किया था। अब छोटे भाई ने भी उसी राह पर चलकर इस कहानी को दोहरा दिया है।
मोहम्मद इजाबुल शुरू से ही अपने बड़े भाई को अपना आदर्श मानता था और उन्हीं से प्रेरित होकर डॉक्टर बनने का सपना देखा था। बड़े भाई ने भी हर कदम पर उसे सही मार्गदर्शन दिया।
इजाबुल की शैक्षणिक यात्रा शुरू से ही शानदार रही है। उसने गुरु गोविंद स्कूल, डालटनगंज से CBSE 10वीं बोर्ड में 98 प्रतिशत अंक लाकर पांकी प्रखंड टॉप किया था। इसके बाद एमके इंटर कॉलेज पांकी से JAC 12वीं बोर्ड (साइंस) में 90 प्रतिशत अंक हासिल कर दोबारा पांकी टॉपर बना था।
सफलता का श्रेय माता-पिता को
पिता बब्लू मिस्त्री ने बताया कि उन्होंने शुरू से ही अपने बच्चों को अपना करियर खुद चुनने की पूरी आजादी दी और हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं इजाबुल ने अपनी सफलता का राज निरंतर मेहनत और खुद पर भरोसा बताया और इसका श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया।
इस खुशी के अवसर पर गांव-मोहल्ले के लोगों और रिश्तेदारों ने घर पहुंचकर मिठाई खिलाकर बधाई दी। एक गरीब गैरेज मिस्त्री के दोनों बेटों का डॉक्टर बनना आज पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है।