भारी बारिश को लेकर धुरकी पुलिस अलर्ट, थाना प्रभारी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील

भारी बारिश को लेकर धुरकी पुलिस अलर्ट, थाना प्रभारी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील

धुरकी, गढ़वा। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए धुरकी पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से आज और कल भारी वर्षा की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किए जाने के बाद थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने थाना क्षेत्र के आम लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से नदी, नाला, डैम, तालाब, फॉल और अन्य जलस्रोतों के पास जाने से बचने को कहा है। साथ ही अभिभावकों से बच्चों पर विशेष नजर रखने की अपील की गई है, ताकि वे तेज बहाव वाले पानी या खतरनाक स्थानों पर न जाएं। जलजमाव वाले स्थानों और तेज बहाव वाले रास्तों को पार करने से भी लोगों को बचने की सलाह दी गई है।

थाना प्रभारी ने कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने तथा खतरा महसूस होने पर समय रहते सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है। आंधी-तूफान के दौरान पेड़, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूरी बनाए रखने तथा वज्रपात के समय खुले मैदान में नहीं जाने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों से बारिश के दौरान धीमी गति से वाहन चलाने और फिसलन व जलजमाव वाले रास्तों पर सावधानी बरतने को कहा गया है। जनार्दन राउत ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने लोगों से मौसम विभाग और प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।