रोटरी क्लब और साईं परमेश्वर हॉस्पिटल ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं
रोटरी क्लब और साईं परमेश्वर हॉस्पिटल ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं
गिरिडीह। रोटरी क्लब ऑफ गिरिडीह ग्रेटर और साईं परमेश्वर हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को बस स्टैंड स्थित स्नेहदीप वृद्धा आश्रम में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे शुरू हुए इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
शिविर में डॉ. रवि कांत, डॉ. कुमारी वंदना और डॉ. संजय कुमार यादव ने अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान गैस्ट्रो एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, स्त्री रोग तथा हड्डी रोग से संबंधित समस्याओं की जांच की गई। निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलने से जरूरतमंद लोगों को काफी लाभ मिला।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लोगों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने और समय पर बीमारियों की पहचान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रोटरी क्लब ऑफ गिरिडीह के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार तरवे, सचिव अनिल कुमार मिश्रा, अनिल गुप्ता, आकाश रोशन, सुजय राज गुप्ता और रंजीत लाल सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

