पांकी के डंडार कला में विधायक प्रतिनिधि विनटी वर्मा ने पीसीसी पथ निर्माण का किया शिलान्यास

पांकी के डंडार कला में विधायक प्रतिनिधि विनटी वर्मा ने पीसीसी पथ निर्माण का किया शिलान्यास

पांकी प्रखंड के डंडार कला गांव में आधारभूत सुविधा को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल के तहत रविवार को पीसीसी पथ निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। यह सड़क जीतन यादव के घर से लक्ष्मण यादव के घर होते हुए छोटकी आहर तक बनाई जाएगी, जिससे गांव के एक बड़े हिस्से को सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए इस योजना का शुभारंभ विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता के प्रतिनिधि सह मुखिया पति मिंटी वर्मा द्वारा किया गया। विधायक की अनुपस्थिति में मिंटी वर्मा ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़ते हुए निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों के साथ विकास कार्यों को लेकर चर्चा भी की। अपने संबोधन में मिंटी वर्मा ने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता का स्पष्ट संकल्प है कि पांकी विधानसभा क्षेत्र के किसी भी गांव या टोला को कच्ची सड़क के कारण परेशानी न झेलनी पड़े। इसी उद्देश्य के तहत लगातार सड़क, पुल-पुलिया और अन्य विकास योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि इस पीसीसी पथ के निर्माण से खासकर बरसात के मौसम में होने वाली कीचड़ और जलजमाव की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिलेगी। अभी तक इस रास्ते से गुजरना काफी कठिन था, जिससे मरीजों, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष परेशानी होती थी। सड़क बनने के बाद आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों का मुख्य मार्ग से सीधा संपर्क स्थापित हो सकेगा। शिलान्यास कार्यक्रम में ललन मेहता, कार्तिक सिंह, मस्तान सिंह, कुमार गौरव सिंह, अजीत सिंह, डब्लू सिंह, केवल मोची, बाढ़ो भुईयां, कमेश भुईयां, मिथलेश पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और लोगों में विकास कार्य को लेकर खासा उत्साह देखा गया।