कोनवाई और तेतराई में दर्दनाक घटनाएं, ग्रामीणों में आक्रोश
कोनवाई और तेतराई में दर्दनाक घटनाएं, ग्रामीणों में आक्रोश
पांकी (पलामू)। रविवार का दिन पांकी थाना क्षेत्र के लिए दर्दनाक साबित हुआ, जहां कोनवाई और तेतराई में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कुल तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल है।
पहली घटना कोनवाई बांदुबार गांव के पास हुई, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान कोनवाई गांव निवासी जगन्नाथ सिंह के पुत्र ऋतिक कुमार उम्र लगभग 17 वर्ष व विजय सिंह के पुत्र रूपक सिंह उम्र लगभग 17 वर्ष के रूप में की गई है वहीं गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान अवध सिंह के पुत्र करण कुमार के रूप में की गई है।
वहीं दूसरी घटना तेतराई में हुई, जहां बाइक सवार लेसलीगंज के नौडीहा गांव निवासी चंदन राम पिता सिल्वांत राम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक समेत घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन व्यक्ति के मौत होने की पुष्टि की वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर (एमएमसीएच) रेफर कर दिया गया।
घटनाओं की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन निर्दोष लोग अपनी जान गंवा रहे हैं।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें।



