मारवाड़ी युवा मंच, गिरिडीह प्रेरणा शाखा द्वारा कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
मारवाड़ी युवा मंच, गिरिडीह प्रेरणा शाखा द्वारा कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के रजत जयंती वर्ष “सृजन से सम्मान तक” अभियान के अंतर्गत पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष श्री गोविंद मेवाड़ जी के सम्मान में मारवाड़ी युवा मंच, गिरिडीह प्रेरणा शाखा द्वारा पूर्णानगर स्थित कृष्णा मेडिकल में कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. कृष्ण कुमार ने उपस्थित महिलाओं एवं पुरुषों को कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों, बचाव एवं समय पर पहचान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं एवं पुरुषों में कैंसर के लक्षण अलग-अलग हो सकते हैं। यदि शरीर में कोई असामान्य गांठ, लगातार दर्द, असामान्य रक्तस्राव, लंबे समय तक रहने वाली खांसी, अचानक वजन घटना अथवा अन्य असामान्य परिवर्तन दिखाई दें, तो उन्हें नज़रअंदाज़ न करें और तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें।
उन्होंने सभी से नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित जीवनशैली अपनाने तथा समय रहते जागरूक होकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के उपरांत मारवाड़ी युवा मंच, गिरिडीह प्रेरणा शाखा की ओर से डॉ. कृष्ण कुमार को समाज में स्वास्थ्य जागरूकता एवं जनसेवा के क्षेत्र में उनके सराहनीय योगदान के लिए अंगवस्त्र (दुपट्टा), प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न स्वरूप सेब भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंच परिवार ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजहित के ऐसे कार्यक्रमों में सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्व शाखा अध्यक्षा कविता राजगढ़िया, शाखा अध्यक्षा स्वीटी अग्रवाल, रोशनी बागला एवं लीसा गर्ग का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।

