पौधारोपण और जागरूकता कार्यक्रम के साथ संत मरियम स्कूल में प्लांटेशन वीक संपन्न

पौधारोपण और जागरूकता कार्यक्रम के साथ संत मरियम स्कूल में प्लांटेशन वीक संपन्न

एक पेड़, अनेक पीढ़ियों का भविष्य: चेयरमैन

मेदिनीनगर। संत मरियम स्कूल में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित एक सप्ताह का प्लांटेशन वीक सेलिब्रेशन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।

सप्ताहभर चले इस कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिता, कविता पाठ, नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने अपने घरों तथा विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पेड़ों के संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, पौधों के महत्व तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक किया और अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प दिलाया।

विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने अपने संबोधन में कहा कि “पेड़-पौधे केवल पर्यावरण की सुरक्षा ही नहीं करते, बल्कि मानव जीवन के आधार भी हैं। आज की पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना समय की आवश्यकता है, क्योंकि एक पेड़ अनेक पीढ़ियों का भविष्य है। प्रत्येक विद्यार्थी यदि हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।”

विद्यालय के प्राचार्य कुमार आदर्श ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक सप्ताह का अभियान नहीं, बल्कि जीवनभर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा विद्यालय परिसर को अधिक हरित और स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया।