गिरिडीह में जनता दरबार, डीसी ने सुनी फरियाद; अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश

गिरिडीह। आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का सीधे समाधान कराने के उद्देश्य से उपायुक्त रामनिवास यादव ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजित की। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में लोगों ने भूमि एवं राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, कल्याण, आवास, पेंशन, रोजगार, सड़क सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों पर आवेदन दिए। उपायुक्त ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित विभागों तथा पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निष्पादन में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता बरती जाए। पात्र मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आवेदकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से कहा कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का निष्पक्ष, नियमानुकूल एवं समयबद्ध निष्पादन करें। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए कार्रवाई की प्रगति पर नजर रखी जाए और आवेदकों को कार्रवाई की स्थिति से अवगत कराया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार केवल शिकायतें सुनने का मंच नहीं, बल्कि प्रशासन और आमजन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है। शिकायतों को केवल आवेदन मानकर नहीं, बल्कि समाधान के दृष्टिकोण से गंभीरता से लिया जाएगा।
मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।