झारखंड में पासपोर्ट का बड़ा फर्जीवाड़ा! 19 विदेशियों ने बनवाया भारतीय पासपोर्ट

जमशेदपुर: झारखंड में भारतीय पासपोर्ट बनाने के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। जनवरी से अगस्त 2026 के बीच 19 विदेशियों ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट हासिल कर लिए। पासपोर्ट वेरिफिकेशन के दौरान मामला सामने आने के बाद सभी 19 पासपोर्ट खारिज कर दिए गए।

इनमें जमशेदपुर के सबसे ज्यादा 9 मामले हैं। धनबाद के तीन, रांची और पश्चिमी सिंहभूम के दो-दो तथा बोकारो और साहिबगंज के एक-एक मामले सामने आए हैं। जांच में अफगानी, बांग्लादेशी समेत अन्य देशों के नागरिकों के शामिल होने की बात सामने आई है।

बताया गया कि फर्जी आधार, पैन कार्ड और जन्म प्रमाणपत्र के जरिए पासपोर्ट बनवाए गए। अब संबंधित जिलों के डीसी, एसपी/एसएसपी और सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी दी गई है। पुलिस एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी। साथ ही पुलिस सत्यापन और अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।