गिरिडीह पहुंची JPSC-JSSC घोटाले की जांच, CID ने 2 संदिग्धों को हिरासत में लिया

गिरिडीह। जेपीएससी-जेएसएससी नियुक्ति घोटाले की जांच कर रही सीआईडी की कार्रवाई अब गिरिडीह तक पहुंच गई है। नियुक्ति घोटाले से जुड़े मामले में सीआईडी ने गिरिडीह से दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सीआईडी ने कोडरमा से दो संदिग्धों को उठाया था, जिनमें गिरिडीह के व्यक्ति भी शामिल है। वहीं शुक्रवार को बेंगाबाद क्षेत्र से चार संदिग्धों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किए जाने की बात सामने आई है। जांच एजेंसी की कार्रवाई के बाद गिरिडीह में नियुक्ति घोटाले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बताया गया है कि सीआईडी को जांच के दौरान परीक्षा में सेटिंग और फर्जीवाड़े से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। इसी क्रम में गिरिडीह से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जांच में जेपीएससी परीक्षा में फर्जीवाड़े के जरिए कई लोगों को अफसर बनाए जाने का आरोप सामने आया है। मामले में अभय तिवारी का नाम भी सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक अभय तिवारी के ससुर विकास पांडेय भी गिरिडीह के रहने वाले बताए गए हैं।
सीआईडी की जांच में वर्ष 2010 के आसपास परीक्षा से जुड़े लोगों के संपर्क, फर्जीवाड़े और अभ्यर्थियों से पैसे लेने के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि गिरिडीह समेत अन्य जिलों में इस कथित सिंडिकेट का नेटवर्क कितना फैला हुआ था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।
फिलहाल सीआईडी की पूछताछ और जांच के बाद ही पूरे मामले में आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।