सोनडीहा में पुलिस का जागरूकता अभियान, नशा, साइबर अपराध और सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की अपील
सोनडीहा में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की दी सलाह
धुरकी। धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनडीहा गांव में मंगलवार को थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में ग्रामीणों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों को नशा मुक्ति, मध् निषेध, जमीन विवाद, साइबर अपराध, यातायात सुरक्षा, डायन-भूत जैसी अंधविश्वासी कुरीतियों, दहेज प्रथा सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया।
थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर समस्या है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने के साथ-साथ युवा पीढ़ी भी प्रभावित होती है। उन्होंने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने जमीन विवाद को लेकर कहा कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर किया जाना चाहिए। ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचने के लिए अनजान फोन कॉल, लिंक, ओटीपी और बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और सड़क पर सावधानी बरतने की भी जानकारी दी गई। वहीं डायन-भूत जैसी अंधविश्वासी प्रथाओं एवं दहेज प्रथा का विरोध करते हुए लोगों से समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की गई। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 का उपयोग करने की जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस हमेशा आम लोगों की सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर है।


