सड़क पार कर रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार ऑटो ने मारी टक्कर, पैर टूटा, चालक मौके से फरार

सड़क पार कर रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार ऑटो ने मारी टक्कर, पैर टूटा, चालक मौके से फरार

गुमला। शहर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार देर दोपहर सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को अज्ञात ऑटो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका दाहिना पैर टूट गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से उसे तत्काल सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घायल की पहचान घाघरा थाना क्षेत्र के जरगाटोली निवासी 45 वर्षीय सुरेश कच्छप के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुरेश कच्छप किसी निजी कार्य से गुमला आए हुए थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुरेश कच्छप सड़क पर गिर पड़े और उनके दाहिने पैर में गंभीर चोट लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए उन्हें सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि दुर्घटना में उनका दाहिना पैर फ्रैक्चर हो गया है। फिलहाल उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखकर उपचार किया जा रहा है।

हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। समाचार लिखे जाने तक घायल के परिजन अस्पताल नहीं पहुंचे थे। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति फिलहाल स्थिर है।

स्थानीय लोगों ने शहर में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।