“एसआईआर-2026 में तेजी लाएं, घर-घर सत्यापन समय पर पूरा करें: एसडीओ अखिलेश कुमार”
एसआईआर-2026 में तेजी लाने के निर्देश,घर-घर सत्यापन, ऑनलाइन डिजिटाइजेशन और मैपिंग समय पर पूरी करें – एसडीओ अखिलेश कुमार
गुमला। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मतदाता सूची के अद्यतन कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी अखिलेश कुमार की अध्यक्षता में नगर परिषद कार्यालय सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, सभी बीएलओ, बीएलए-2, वॉलेंटियर्स तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने मतदाता सूची की मैपिंग और ऑनलाइन डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए दोनों कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी बीएलओ को घर-घर जाकर निर्धारित समय-सीमा के भीतर मतदाताओं का सत्यापन, मैपिंग एवं ऑनलाइन डिजिटाइजेशन का कार्य हर हाल में पूरा करने को कहा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर वॉलेंटियर्स की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो बूथों पर आने वाले मतदाताओं को आवश्यक आवेदन प्रपत्र उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें प्रक्रिया की जानकारी भी देंगे। जिन मतदान केंद्रों पर 700 से अधिक मतदाता हैं, वहां अतिरिक्त वॉलेंटियर्स लगाए गए हैं ताकि बीएलओ को डोर-टू-डोर सत्यापन कार्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक के दौरान बीएलओ ने मैपिंग एवं सत्यापन कार्य में आ रही विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं से अनुमंडल पदाधिकारी को अवगत कराया। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने तथा फील्ड स्तर पर आ रही कठिनाइयों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
एसडीओ अखिलेश कुमार ने कहा कि कुछ लोग ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर मैपिंग कराकर प्रक्रिया में अनावश्यक दोहराव की स्थिति उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे केवल एक ही स्थान पर अपना सत्यापन एवं मैपिंग कराएं, ताकि मतदाता सूची त्रुटिरहित तैयार की जा सके।
उन्होंने नागरिकों से यह भी आग्रह किया कि जो लोग आवेदन प्रपत्र लेकर गए हैं, वे 19 जुलाई से पहले उसे सही तरीके से भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा कर दें, जिससे निर्धारित समय के भीतर मैपिंग और ऑनलाइन डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा किया जा सके।
बैठक में सभी राजनीतिक दलों के बीएलए-2 को आगामी 22 जुलाई को आयोजित बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश भी दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि एसआईआर-2026 की प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए प्रशासन, बीएलओ, राजनीतिक दलों और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।




