PM-ABHIM में झारखंड की रफ्तार धीमी, 125 करोड़ में सिर्फ 34.93 करोड़ खर्च; 20 जिलों में शून्य भुगतान

झारखंड में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन (PM-ABHIM) के तहत आवंटित 125 करोड़ रुपये में से अब तक सिर्फ 34.93 करोड़ रुपये (28%) खर्च हो सके हैं। NHM की 25 अगस्त 2026 तक की समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के 20 जिलों में एक रुपये का भी भुगतान नहीं हुआ है।

इन जिलों में कुल 61.65 करोड़ रुपये आवंटित हैं, लेकिन राशि खर्च नहीं होने से अस्पतालों में उपकरण, दवाओं, ब्लड टेस्ट और एक्स-रे जैसी सुविधाओं से जुड़े भुगतान अटके हुए हैं। रांची 41% खर्च के साथ जिलों में सबसे आगे है, जबकि लोहरदगा में 20% और गुमला में 15% राशि खर्च हुई है।

लंबित भुगतान के कारण योजना की अगली किस्त मिलने में भी बाधा आ रही है। स्वास्थ्य विभाग ने DC से हस्तक्षेप की मांग की है। NHM अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने सभी सिविल सर्जनों को 15 दिनों में लंबित भुगतान पूरा करने का निर्देश दिया है।