पलामू: सतबरवा के मलय डैम पर लोक गायक दिनेश मोहक के गीत का एनिमेशन कार्यक्रम, दर्शकों ने की जमकर तारीफ

पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड अंतर्गत मलय डैम पर चर्चित लोक गायक दिनेश मोहक के गीत का एनिमेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष अवधेश सिंह चेरो, थाना प्रभारी प्रदीप कुमार, समाजसेवी भरदुल सिंह, बीजेपी मंडल अध्यक्ष विजय शर्मा, सांसद प्रतिनिधि मनीष कुमार, विधायक प्रतिनिधि महेश यादव, सामाजिक कार्यकर्ता धीरज कुमार और मणिका के प्रधान रजत प्रसाद सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। सभी अतिथियों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न जिलों और प्रखंडों से आए यूट्यूबर्स ने हिस्सा लिया और दिनेश मोहक के गीत का अपने अनूठे अंदाज में प्रमोशन किया। बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष अवधेश सिंह चेरो ने दर्शकों से दिनेश मोहक के यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करने, लाइक और कमेंट करने की अपील की। उन्होंने कहा, “दिनेश मोहक के गीत आज काफी लोकप्रिय हो चुके हैं और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।”

समाजसेवी भरदुल सिंह ने बताया कि दिनेश मोहक का यह गाना इंस्टाग्राम पर ट्रेंड कर रहा है और इसे भारी संख्या में लाइक्स और व्यूज मिल रहे हैं। गायक दिनेश मोहक ने भी अपने उत्साह को साझा करते हुए कहा, “यह गाना इंस्टाग्राम पर ट्रेंडिंग में है और दर्शकों का अपार प्यार मिल रहा है।”

वाही पर प्रमुख कामाख्या नारायण यादव ने इस अवसर पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा, “आज सतबरवा और पलामू के लिए यह गौरव का क्षण है। पहले हम बिहार के गायकों को सुनते थे, लेकिन आज झारखंड का लाल दिनेश मोहक ने मलय डैम पर अपनी शानदार प्रस्तुति देकर हम सभी को गौरवान्वित किया है।”

कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों और यूट्यूबर्स ने दिनेश मोहक की प्रस्तुति की जमकर सराहना की। मलय डैम का खूबसूरत माहौल और दिनेश मोहक के गीतों ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया। यह आयोजन न केवल स्थानीय कला को बढ़ावा देने का एक मंच बना, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को भी उजागर किया।