नावा जयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हुरदगा में 250 किलो जावा महुआ नष्ट; ड्रंक एंड ड्राइव पर भी शिकंजा

हुरदगा गांव में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी, 250 किलो जावा महुआ किया नष्ट

नावा जयपुर पुलिस की कार्रवाई, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कसेगा शिकंजा

नावा जयपुर (पलामू)। नावा जयपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने गुरुवार, 15 अक्टूबर को हुरदगा गांव में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान करीब 250 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा है।

छापेमारी अभियान का नेतृत्व नावा जयपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार गुप्ता ने किया। पुलिस टीम ने गांव में अवैध शराब निर्माण के लिए रखे गए जावा महुआ को विनष्ट किया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण एवं कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

अवैध शराब के खिलाफ अभियान के साथ ही पुलिस द्वारा ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग भी की जा रही है। इसके तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की जाएगी। नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

इस अभियान में थाना प्रभारी सतीश कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक मुन्ना यादव, सहायक अवर निरीक्षक अभय राज प्रसाद एवं कामेश्वर ठाकुर सहित थाना के अन्य पुलिसकर्मी, जवान, होमगार्ड और चौकीदार शामिल रहे।

पुलिस ने लोगों से अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री की सूचना देने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है।