सिंदुरिया हिंसक झड़प पर विवेका त्रिपाठी की अपील, कहा- अफवाहों से बचें और शांति बनाए रखें

सिंदुरिया में हिंसक झड़प के बाद विवेका त्रिपाठी ने की शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की

मेदिनीनगर/पलामू: सतबरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया में काली पूजा मूर्ति विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प को लेकर पलामू जिला कांग्रेस कमिटी की महासचिव सह पूर्व मंत्री प्रतिनिधि विवेका त्रिपाठी ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
उन्होंने घटना पर चिंता जताते हुए क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारा, प्रेम और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की पहचान हमेशा से आपसी एकता, शांति और सद्भाव के लिए रही है। किसी भी विवाद या तनाव को आपसी समझदारी और संयम के साथ सुलझाना चाहिए।
विवेका त्रिपाठी ने सभी समुदायों के लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। आपसी मतभेदों को बढ़ावा देने के बजाय मिल-जुलकर रहने की जरूरत है, ताकि क्षेत्र में पहले की तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रह सके।
उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्रवासी आपसी एकता और भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए शांति बहाली में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएंगे। साथ ही साथ विवेका त्रिपाठी ने इस पूरे घटनाक्रम के दौरान प्रशासन की तत्परता और सक्रियता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की सूझबूझ और समय रहते उठाए गए कदमों से एक बड़ी घटना टल गई। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन एवं लोकल प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापन किया।