दीपावली पर हरिहरगंज में स्वच्छता प्रहरियों का सम्मान, प्रोत्साहन राशि और उपहार देकर बढ़ाया हौसला

दीपावली पर हरिहरगंज नगर पंचायत में स्वच्छता प्रहरियों का हुआ सम्मान, प्रोत्साहन राशि और उपहार देकर बढ़ाया उत्साह

हरिहरगंज (पलामू)। दीपावली के पावन अवसर पर हरिहरगंज नगर पंचायत कार्यालय परिसर में स्वच्छता प्रहरियों के सम्मान में एक भव्य एवं प्रेरणादायक समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में निरंतर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मियों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।

कार्यक्रम में नगर पंचायत की अध्यक्ष कुमारी शीला चौधरी, उपाध्यक्ष सुशील कुमार रवि एवं समाजसेवी विनोद चौधरी ने संयुक्त रूप से स्वच्छता प्रहरियों को प्रोत्साहन राशि एवं उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता प्रहरी नगर पंचायत की व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। वे हर मौसम और परिस्थिति में पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उनके अथक परिश्रम के कारण ही शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में मदद मिलती है।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का त्योहार है। ऐसे पावन अवसर पर उन लोगों को सम्मानित करना बेहद जरूरी है, जो दिन-रात मेहनत कर हमारे आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखते हैं। स्वच्छता कर्मियों का योगदान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि वे स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके श्रम, समर्पण और सेवाभाव को सम्मान देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

समारोह के दौरान स्वच्छता प्रहरियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। सम्मान और प्रोत्साहन मिलने पर सफाई कर्मियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आगे भी पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प जताया।

कार्यक्रम में सिटी मैनेजर फैजल रहमान अंसारी, कनीय अभियंता कुलदीप कुमार, सुचित्रा कुमारी, ओवरसियर श्याम कुमार, छोटू यादव सहित नगर पंचायत के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सफाई कर्मी उपस्थित थे।

पलामू संवाददाता: मनोज कुमार गुप्ता, जानू चौधरी

You may have missed