मॉडर्न पब्लिक स्कूल में अलंकरण समारोह, मोमबत्ती लेकर छात्र परिषद ने ली कर्तव्यनिष्ठा की शपथ

मॉडर्न पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन, नव-नियुक्त छात्र परिषद ने मोमबत्ती लेकर ली कर्तव्यनिष्ठा की शपथ

झुमरी तिलैया, 14 अक्टूबर 2026: मॉडर्न पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया के प्रांगण में आज अलंकरण समारोह (Investiture Ceremony 2026-27) अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे कार्यक्रम का कुशल संचालन विद्यालय की शिक्षिका कृति आर्यानी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मधुर स्वागत गान के साथ हुआ।
तत्पश्चात
अपने संबोधन में प्राचार्य महोदय जी .सी .वर्मा ने कहा, कि यह बैज केवल एक अलंकरण नहीं है, यह आपके कंधों पर विद्यालय के विश्वास, अनुशासन और मूल्यों की जिम्मेदारी है। एक सच्चा लीडर वह होता है जो पद से नहीं, बल्कि अपने आचरण और कर्म से नेतृत्व करता है।” उन्होंने सभी कैप्टनों से अपेक्षा की कि वे अपने सहपाठियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगे और विद्यालय की गरिमा को बनाए रखेंगे।

अपने आशीर्वचन में निर्देशिका महोदया संगीता शर्मा ने सभी नव-चयनित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “आज से आप विद्यालय के ध्वजवाहक हैं। आपकी छोटी-छोटी जिम्मेदारियां ही आपको भविष्य का एक सशक्त नागरिक बनाएंगी। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी अपनी भूमिका का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करेंगे।”

समारोह के सबसे गौरवमयी क्षण में विद्यालय के निदेशिका महोदया एवं प्राचार्य महोदय द्वारा संयुक्त रूप से सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बैज लगाकर सम्मानित किया गया। निदेशिका महोदया और प्राचार्य महोदय ने एक-एक कर हेड बॉय, हेड गर्ल, स्पोर्ट्स कैप्टन एवं सभी चारों हाउस के कैप्टन व वाइस कैप्टन को बैज प्रदान किया । बैज लगते ही छात्रों के चेहरे गर्व और आत्मविश्वास से चमक उठे और पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

बैज वितरण के पश्चात हेड बॉय शाश्वत भदानी ने अपने ओजस्वी भाषण में विद्यालय के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई और अपने सभी कर्तव्यों को पूरी जिम्मेदारी से निभाने का संकल्प लिया। हेड गर्ल राशि बंसल ने अपने सारगर्भित भाषण में विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया और छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने की बात कही। स्पोर्ट्स कैप्टन शुभम राज पांडे ने खेलों में अनुशासन, टीम भावना और विद्यालय को खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाने का वादा किया।

सभी संबोधनों के पश्चात समारोह का सबसे भावपूर्ण क्षण आया, जब सभी कैप्टनों को हाथों में मोमबत्ती लेकर प्राचार्य महोदय के द्वारा शपथ दिलाई गई ।मोमबत्ती की रोशनी के साथ उन्होंने अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने और अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की प्रतिज्ञा ली।

अंत में धन्यवाद ज्ञापन के पश्चात राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ।

You may have missed