पीपरा में पानी से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, इलाके में सनसनी

पीपरा (पलामू)। पीपरा थाना क्षेत्र के होलिया गांव में भीम सिंह के भट्ठे के पास पानी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों को मौके से दुर्गंध आने पर संदेह हुआ। इसके बाद इसकी सूचना पीपरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पानी से शव को बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ सोशल मीडिया के माध्यम से भी शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।