पांकी में वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी लदे एक ट्रैक्टर समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
पांकी में वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ियों के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर अवैध लकड़ी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पांकी के अंदाग के जंगलों से अवैध लकड़ियों के कारोबार की सूचना पर कुंदरी वन क्षेत्र पदाधिकारी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम एवं पांकी थाना पुलिस बल के संयुक्त पहल पर बुधवार की रात्रि जंगल में छापेमारी कर एक ट्रैक्टर में लदे लकड़ी समेत दो लोगों को मौके से गिरफ्तार किया।
जप्त लकड़ी लदे ट्रैक्टर को पांकी थाने में रखा गया है वहीं गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों को वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उक्त जानकारी देते हुए वन क्षेत्र पदाधिकारी महेंद्र प्रसाद ने बताया कि अवैध लकड़ीयों के कारोबार पर अंकुश लगाने एवं जंगलों को बचाने को लेकर वन विभाग के द्वारा लगातार आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें की अंदाग के जंगलों में लकड़ी माफियाओं के द्वारा बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई कर उसका व्यापार किया जा रहा था, फिलहाल जंगलों में भारी मात्रा में लकड़ियां भी पड़ी हुई है जिस पर वन विभाग नजर रखे हुए है। वन विभाग के द्वारा रात्रि में हुए इस कार्रवाई से माफियाओं में हड़कंप मच गया है, वहीं पर्यावरण प्रेमियों एवं ग्रामीणों ने वन विभाग के इस कार्रवाई की सराहना की है।

