गिरिडीह में कृषि योजनाओं की समीक्षा, उपायुक्त ने पात्र किसानों को समय पर लाभ देने के दिए निर्देश
गिरिडीह। उपायुक्त रामनिवास यादव ने कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारियों को योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। सोमवार को कृषि, पशुपालन, सहकारिता, मत्स्य, गव्य विकास और उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक में योजनाओं की वित्तीय व भौतिक प्रगति, व्यय और लाभुकों के चयन की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना सहित किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण परिवारों के लिए संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने लंबित आवेदनों का समय पर निष्पादन करने और विभागीय योजनाओं की नियमित निगरानी करने को कहा।
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप पात्र लाभुकों को शत-प्रतिशत आच्छादित करने का निर्देश दिया। पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि पशुधन संरक्षण, पशुपालकों की आर्थिक स्थिति में सुधार और पशुजनित रोगों की रोकथाम प्राथमिकता होनी चाहिए।
कृषि विभाग और आत्मा की योजनाओं के तहत किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और वैज्ञानिक खेती से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम प्रभावी ढंग से चलाने को कहा गया। सहकारिता, गव्य विकास, मत्स्य और भूमि संरक्षण विभागों को भी समय-सीमा में लाभुकों का चयन, लंबित मामलों का निपटारा और कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने विभागों को आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ काम कर योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र लाभुक तक पहुंचाने को कहा। बैठक में जिला कृषि, सहकारिता, पशुपालन, मत्स्य, गव्य विकास और उद्यान विभाग के पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।

