डुमरी में अवैध शराब भट्ठियों पर छापेमारी, 300 लीटर शराब जब्त, 4,500 किलो जावा महुआ नष्ट
डुमरी में अवैध शराब भट्ठियों पर छापेमारी, 300 लीटर शराब जब्त, 4,500 किलो जावा महुआ नष्ट
गिरिडीह। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को उत्पाद विभाग की टीम ने डुमरी थाना पुलिस के सहयोग से डुमरी थाना क्षेत्र के बेलदारी टोला में अवैध महुआ चुलाई शराब के निर्माण स्थलों पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान अवैध शराब बनाने वाली भट्ठियों और अड्डों से करीब 300 लीटर तैयार महुआ चुलाई शराब जब्त की गई। वहीं, शराब बनाने के लिए अलग-अलग बर्तनों, ड्रमों और डिब्बों में छिपाकर रखा गया लगभग 4,500 किलोग्राम किण्वित जावा महुआ मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
यह कार्रवाई उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर अधीक्षक उत्पाद, गिरिडीह के मार्गदर्शन में की गई। प्रशासन के अनुसार, अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध कानूनी प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग और पुलिस के समन्वय से आगे भी छापेमारी अभियान चलाया जाएगा।
छापेमारी दल में अवर निरीक्षक उत्पाद, सदर अंचल सुमितेश कुमार, अवर निरीक्षक उत्पाद, बगोदर अंचल महेश कुमार दास, डुमरी थाना के पुलिसकर्मी तथा गृहरक्षा वाहिनी के सशस्त्र जवान शामिल थे।

