ऊंटारी रोड में यूरिया खाद संकट, मनमानी कीमत व सप्लाई बंद करने का आरोप; DC से शिकायत

ऊंटारी रोड (पलामू): प्रखंड क्षेत्र में खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को सरकारी तय दरों पर और उचित बिल-वाउचर के साथ यूरिया खाद उपलब्ध कराने की मांग को लेकर पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी अजय कुमार गुप्ता ने पलामू उपायुक्त (DC) को आवेदन सौंपा है।
आवेदन के माध्यम से अजय कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया कि प्रखंड क्षेत्र में थोक एजेंसियों द्वारा खुदरा दुकानदारों से यूरिया खाद का मनमाना और सरकारी दर से अधिक दाम वसूला जा रहा है। इसका सीधा असर स्थानीय किसानों पर पड़ रहा है, क्योंकि खुदरा विक्रेता भी मजबूरी में किसानों को महंगे दामों पर खाद बेचने को विवश हैं।
उन्होंने बताया कि जब इस कालाबाजारी और ऊंची दरों के खिलाफ आवाज उठाई गई, तो बदला लेने की नीयत से एजेंसियों ने ऊंटारी रोड प्रखंड के खुदरा दुकानदारों को यूरिया खाद की आपूर्ति ही बंद कर दी है। इसके कारण क्षेत्र में खाद का संकट गहरा गया है और किसान दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी ने उपायुक्त से मांग की है कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए एजेंसियों को निर्देशित किया जाए ताकि वे खुदरा दुकानदारों को निर्धारित सरकारी रेट पर और बिल-वाउचर के साथ खाद की आपूर्ति सुनिश्चित करें, जिससे किसानों को राहत मिल सके।