महुआडांड़ में जरूरतमंद बुजुर्गों के बीच कंबल वितरण, ठंड से मिली राहत

महुआडांड़ प्रखंड क्षेत्र में बढ़ती ठंड को देखते हुए जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से एक सराहनीय सामाजिक पहल की गई। इस पहल के तहत महुआडांड़ के सांसद प्रतिनिधि भुवनेश्वर सिंह के नेतृत्व में सांसद कालीचरण सिंह द्वारा उपलब्ध कराए गए कंबलों का वितरण किया गया।कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम रेंगाई, काटो, केनाटोली, जामकोना सहित आसपास के कई अन्य गांवों में दर्जनों जरूरतमंद बुजुर्ग महिला एवं पुरुषों के बीच कंबल बांटे गए। ठंड के इस मौसम में कंबल पाकर बुजुर्गों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी। कई बुजुर्गों ने इसे समय पर मिली बड़ी मदद बताते हुए आयोजकों के प्रति आभार जताया।इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि भुवनेश्वर सिंह ने कहा कि सर्दी के मौसम में गरीब, असहाय और बुजुर्ग वर्ग को ठंड से बचाना हम सभी की सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि सांसद कालीचरण सिंह के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि प्रखंड क्षेत्र का कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड के कारण परेशान न हो। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में और अधिक गांवों को इस योजना से जोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सामाजिक कार्यों से गरीब और बुजुर्ग वर्ग को सीधी राहत मिलती है तथा समाज में आपसी सहयोग और सेवा भावना को मजबूती मिलती है।
कंबल वितरण कार्यक्रम में आनंद नाथ शाह, राम जायसवाल, संजय राय, अवधेश जायसवाल सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे सभी ने वितरण कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।