मॉडर्न पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मना शिक्षक दिवस, छात्रों ने गुरुओं को किया नमन; प्राचार्य बोले- गुरु ही राष्ट्र का निर्माता
गुरु ही राष्ट्र का निर्माता है: मॉडर्न पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस, छात्रों ने गुरुओं को किया नमन
मॉडर्न पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में 8 सितंबर को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस बड़े ही सम्मान, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। विद्यालय के छात्रों ने शिक्षकों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम, कविता, भाषण और नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर छात्रों ने अपने शिक्षकों को उपहार, ग्रीटिंग कार्ड और पुष्प देकर सम्मानित किया और जीवन में उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे विद्यालय परिसर में “गुरु ब्रह्मा, गुरु विष्णु” के भाव की अनुभूति हो रही थी।
प्राचार्य गुरु चरण वर्मा ने अपने संबोधन में कहा शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देता, वह चरित्र गढ़ता है, भविष्य बनाता है और राष्ट्र का निर्माण करता है। एक शिक्षक का आशीर्वाद ही छात्र को शिखर तक पहुंचाता है। आज के इस पावन दिवस पर मैं अपने सभी शिक्षकों को नमन करता हूँ, जिनकी मेहनत और तपस्या से मॉडर्न पब्लिक स्कूल ज्ञान का मंदिर बना हुआ है। मैं सभी छात्रों से आह्वान करता हूँ कि वे हमेशा अपने गुरुओं का सम्मान करें।
निर्देशिका संगीता शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा माँ पहली गुरु होती है, लेकिन शिक्षक वह गुरु होता है जो बच्चे को माँ की गोद से निकालकर दुनिया से लड़ना सिखाता है। हमारे विद्यालय के शिक्षक ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी हैं। उनकी निष्ठा, समर्पण और परिश्रम के कारण ही हमारा विद्यालय आज शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मैं सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देती हूँ और उनके स्वस्थ, सुखी और सम्मानित जीवन की कामना करती हूँ। शिक्षक दिवस केवल एक दिन का सम्मान नहीं, बल्कि जीवन भर के सम्मान का प्रतीक है।”
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के छात्र-छात्राओं की ओर से सभी शिक्षकों को सम्मानित किया गया और छात्रों द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

