कोयलांचल चैंबर ऑफ कॉमर्स को मिली बड़ी पहचान, एफजेसीसीआई से मान्यता

कोयलांचल चैंबर ऑफ कॉमर्स को मिली बड़ी पहचान, एफजेसीसीआई से मान्यता ।

गिरिडीह: कोयलांचल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (केसीसीआई) को फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) से आधिकारिक मान्यता मिल गई है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए केसीसीआई के अध्यक्ष राहुल वर्मन ने बताया कि यह उपलब्धि सदस्यों की कड़ी मेहनत, समर्पण और लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने इस सफलता के लिए फेडरेशन के पदाधिकारियों के साथ-साथ रीजनल वाइस प्रेसिडेंट अमरजीत सिंह सलूजा को भी बधाई दी ।

गौरतलब है कि गिरिडीह जिले के व्यवसायियों और उद्यमियों के हितों की रक्षा और उनके विकास के उद्देश्य से लगभग छह वर्ष पहले केसीसीआई का गठन किया गया था। गठन के समय से ही संस्था द्वारा फेडरेशन से मान्यता प्राप्त करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे थे।

अब मान्यता मिलने के बाद संगठन के सदस्यों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। पदाधिकारियों का कहना है कि इसी ऊर्जा और एकजुटता के साथ संस्था आगे भी व्यापारियों के हित में काम करते हुए नए मुकाम हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।