सतबरवा में दुर्गा पूजा व नवरात्र को लेकर शांति समिति की बैठक, प्रशासन ने सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया
सतबरवा में दुर्गा पूजा व नवरात्र को लेकर शांति समिति की बैठक, प्रशासन ने सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया*
सतबरवा। शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा को लेकर सतबरवा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ सह सीओ विजय कुमार ने की, जबकि संचालन थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने किया। बैठक में पुलिस निरीक्षक जीतराम महली सहित थाना क्षेत्र के दोनों समुदायों के प्रबुद्ध जन शामिल हुए।
बीडीओ सह सीओ विजय कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। इस पर्व में सभी लोगों की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने पूजा समितियों से सरकारी गाइडलाइन के अनुरूप पूजा आयोजित करने तथा आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, ज्वलनशील पदार्थों को दूर रखने और पूजा समिति के सदस्यों को पहचान पत्र (आईकार्ड) जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान उपद्रवियों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी।
पुलिस निरीक्षक जीतराम महली ने कहा कि दुर्गा पूजा को सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। सभी पूजा समितियों से नियमों का पालन करने की अपील की गई।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने कहा कि नवरात्र श्रद्धा और भक्ति का पर्व है। इसे शांतिपूर्ण माहौल में मनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अनुरोध किया कि कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण किया जा सके।
बैठक में मुखिया संघ के अध्यक्ष गिरवर प्रसाद राम, विधायक प्रतिनिधि अजय उरांव, प्रमोद यादव, सांसद प्रतिनिधि धीरज कुमार, अनिल सिंह, मनीष कुमार, मुखिया ब्रह्मदेव सिंह, संगीता देवी, संजय यादव, आशीष सिन्हा, भोला राम, गुड्डू प्रसाद, भोला मेहता, श्रवण कुमार मिस्त्री, मुंडेश्वर मेहता, रामलाल माझी, जलील अंसारी, आनंद सिंह, मुमताज अंसारी, संदीप कुमार एवं मेघराज प्रसाद समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

