केतार के मिथिलेश गुप्ता बने जरूरतमंदों की उम्मीद, रोजाना 50 लोगों को देते हैं मुफ्त इलाज

केतार के मिथिलेश गुप्ता बने लोगों के लिए उम्मीद, रोजाना दर्जनों लोगों को देते हैं मुफ्त इलाज
पलामू-गढ़वा समेत बिहार, यूपी और छत्तीसगढ़ से भी पहुंचते हैं लोग, मोच और हड्डी से जुड़ी समस्याओं के इलाज के लिए आते हैं मरीज
केतार। आधुनिक दौर में जहां इलाज के लिए लोगों को अस्पतालों और निजी क्लीनिकों का सहारा लेना पड़ता है, वहीं केतार प्रखंड क्षेत्र के केतार के छोटे से गांव दासीपुर निवासी युवक मिथिलेश गुप्ता अपनी सेवा से लोगों के बीच चर्चा में हैं। दावा है कि वह प्रतिदिन करीब 50 लोगों को मुफ्त में इलाज की सुविधा देते हैं। पैर, हाथ, कमर और गर्दन में मोच जैसी समस्याओं के इलाज के लिए दूर-दराज से लोग उनके पास पहुंचते हैं।
मिथिलेश गुप्ता अपने फेसबुक आईडी पर इलाज से संबंधित वीडियो भी साझा करते हैं। इन वीडियो को देखकर पलामू, गढ़वा के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों से भी लोग उनके पास पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह कई लोगों को राहत पहुंचा चुके हैं। एक बुजुर्ग के बांह उतरने की समस्या और बच्चों की हंसली से जुड़ी परेशानी के इलाज के लिए भी लोग उनके पास आते हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर बटोर रहे चर्चा
मिथिलेश गुप्ता के इलाज से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। उनके पास पहुंचने वाले कई लोग अपनी परेशानी लेकर आते हैं और इलाज के बाद राहत मिलने की बात बताते हैं। आसपास के लोगों ने उनके प्रयास की सराहना की है। लोगों का कहना है कि जरूरतमंदों को मुफ्त सेवा देना सराहनीय पहल है, जिससे कई लोगों को मदद मिल रही है।
हालांकि, मोच, बांह उतरने और बच्चों की हंसली से जुड़ी समस्याओं में सही जांच और विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह जरूरी है। ऐसी स्थिति में प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी से इलाज कराना चाहिए, ताकि किसी प्रकार की गंभीर परेशानी न हो।