झारखंड के 493 खिलाड़ियों को मिलेगा 4.51 करोड़ का सम्मान, सरकार ने दी मंजूरी
रांची। झारखंड के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार 493 खिलाड़ियों को उनकी खेल उपलब्धियों के लिए करीब 4.51 करोड़ रुपये की सम्मान राशि देगी। यह फैसला खेल निदेशक छवि रंजन (आईएएस) की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समिति की बैठक में लिया गया। सम्मान राशि के लिए मिले 510 आवेदनों में से 493 खिलाड़ियों को योग्य पाया गया। इन खिलाड़ियों ने 24 खेल विधाओं में पदक जीते हैं, जिनमें हॉकी, फुटबॉल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, कुश्ती, बॉक्सिंग और पैरा गेम्स शामिल हैं। खिलाड़ियों ने 241 स्वर्ण, 136 रजत, 107 कांस्य और 9 साझा पदक हासिल किए हैं। वहीं, खिलाड़ी पेंशन योजना के तहत 21 आवेदनों में से 2 पूर्व खिलाड़ियों को पेंशन के योग्य पाया गया।

