जब मंत्री किशोर एससी आयोग नहीं गठन करा पाए तो प्रशांत किस खेत की मुली?: झारखण्ड क्रांति मंच
जब मंत्री किशोर एससी आयोग नहीं गठन करा पाए तो प्रशांत किस खेत की मुली?: झारखण्ड क्रांति मंच
झारखण्ड क्रांति मंच के केन्द्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने मेदिनीनगर में मंत्री पुत्र प्रशांत किशोर को कांग्रेस एससी सेल का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि दलित विरोधी मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी सुरक्षाकर्मियों के पर्याप्त वाहन के लिए गिड़गिड़ा कर समझौता के माध्यम से हथियार डालनेवाले वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर आजतक झारखण्ड में अनुसूचित जाति आयोग का गठन कराने में विफल रहे तो उनका बेटा प्रशांत किशोर किस खेत की मुली है?
बयान में उन्होंने कहा है कि प्रशांत किशोर के कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष बनने से किशोर के परिजनों को छोड़कर किसी अनुसूचित जाति का कभी भी भला नहीं होने वाला है।
बयान में जेकेएम अध्यक्ष ने कहा है कि लगभग 6 बार के विधायक रहने व दूसरी बार मंत्री बनने के बाद भी राधाकृष्ण किशोर ने स्वयं व अपने रिश्तेदार के अलावा किसी भी अनुसूचित जाति के व्यक्ति को राजनीति में कभी बढ़ने नहीं दिया,इतना ही नहीं पाटन-छत्तरपुर में अनुसूचित जातियों के लोग पढ़-लिख कर कोई सवाल ना पूछे इसलिए अच्छे स्कूल,काॅलेज व विश्वविद्यालय नहीं बनने दिया? यहां तक कि जिस बाबा साहेब डॉ बी०आर०अम्बेडकर जी की वजह से राजनीतिक आरक्षण प्राप्त कर अरबपति बन गए,उनकी विचारधारा को बढ़ने व प्रतिमाओं को लगने नहीं दिया?
बयान में उन्होंने कहा है कि जिस दिन कांग्रेस नेतृत्व चाहेगा,उस दिन झारखण्ड में एससी कमिशन का गठन हो जाएगा, लेकिन मनुवाद की “बी” टीम बन चुकी कांग्रेस पार्टी यहां फिर पुरानी गलतियों को दुहराने को आतुर है। झारखण्ड के लगभग 70 लाख अनुसूचित जातियों को कांग्रेस का एससी सेल के अध्यक्ष से ज्यादा जरूरी एससी कमिशन का गठन है।अगर दूसरा कोई नहीं मिल रहा है तो प्रशांत किशोर या उनकी माता जी को ही कमिशन का अध्यक्ष बनवाने का काम कांग्रेसियों को करना चाहिए था?
बयान के अंत में उन्होंने भाजपा को सलाह देते हुए कहा है कि जितना जल्दी हो सके राधाकृष्ण किशोर के बहनोई पलामू के यशस्वी, तेजस्वी , ओजस्वी व शिष्टाचार के शिरोमणि सांसद बी०डी०राम की बेटी को भी अविलम्ब एससी सेल का प्रदेश अध्यक्ष बना देना चाहिए,इससे झारखण्ड का अनुसूचित जाति समाज राहुल गांधी के साथ पीएम मोदी का भी युगों-युगों तक आभारी रहेगा,क्योंकि मंत्री राधाकृष्ण किशोर व उनके बहनोई सांसद बी०डी०राम ऐसे दुर्लभ रत्न हैं, जिन्होंने अपने पुत्र-पुत्री को पैदा कर अनुसूचित जातियों के सर्वांगीण विकास का अविरल मार्ग प्रशस्त कर दिया है? निश्चित तौर पर पलामू में यह परिवार नहीं होता तो कांग्रेस व भाजपा की दलित राजनीति में सदा के लिए अंधेरा छा जाता, वहीं अनुसूचित जातियों की राजनीति सदा के लिए समाप्त हो जाती?

