गिरिडीह पुलिस ने 80 लोगों को लौटाए खोए मोबाइल, अब तक 1,115 मोबाइल की हुई बरामदगी
गिरिडीह। गिरिडीह पुलिस द्वारा गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘आपका मोबाइल फिर से आपका’ के तहत बुधवार को 80 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस किए गए। पपरवाँटांड स्थित पुलिस केंद्र, गिरिडीह में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने बरामद किए गए सभी 80 मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंपे। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान लाभुकों ने गिरिडीह पुलिस के प्रति आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तकनीकी शाखा (टेक्निकल सेल) और जिले के विभिन्न थानों के संयुक्त प्रयास से इन मोबाइल फोन की बरामदगी की गई है। पुलिस का यह विशेष अभियान आम नागरिकों के खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन को वापस दिलाने के उद्देश्य से लगातार चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 से नवंबर 2026 तक गिरिडीह पुलिस ने इस अभियान के तहत कुल 1,115 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे हैं। वर्ष 2025 में कुल 426 मोबाइल बरामद किए गए थे। इनमें 24 सितंबर को 113 और 14 नवंबर को 313 मोबाइल फोन शामिल हैं।
वहीं, वर्ष 2026 में अब तक 689 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनमें 29 जून को 211, 25 जुलाई को 101, 25 अगस्त को 112, 25 सितंबर को 105, 27 अक्टूबर को 80 और 25 नवंबर को 80 मोबाइल फोन उनके धारकों को लौटाए गए हैं।
इधर, गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाने में सनहा अथवा प्राथमिकी दर्ज कराएं। इसके साथ ही भारत सरकार के सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करें। इससे गुम या चोरी हुए मोबाइल की पहचान और बरामदगी में पुलिस को मदद मिलती है।

