गिरिडीह में मानव तस्करी रोकने को प्रशासन सख्त, तीन प्रखंडों में चलेगा पायलट प्रोजेक्ट
गिरिडीह। जिले में मानव तस्करी की रोकथाम, प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा एवं बच्चों के संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में गांवा, तिसरी एवं देवरी प्रखंडों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत विशेष कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में उपायुक्त ने अगले दो माह के भीतर जिले के सभी राजस्व ग्रामों में प्रवासी श्रमिकों का रजिस्टर तैयार करने का निर्देश दिया। रजिस्टर में श्रमिकों का नाम, पता, परिवार का विवरण और उनके कार्यस्थल एवं प्रवास से संबंधित जानकारी दर्ज की जाएगी। इसकी जिम्मेवारी ग्राम स्तर पर चौकीदारों को दी जाएगी। साथ ही प्रत्येक 15 दिनों में रजिस्टर का सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि आंकड़े अद्यतन रहें।
उपायुक्त ने संवेदनशील प्रखंडों के अलावा रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड जैसे प्रमुख परिवहन केंद्रों पर निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया। पुलिस और परिवहन विभाग को आपसी समन्वय से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया। वहीं ग्राम स्तर पर बाल संरक्षण समितियों का गठन कर जोखिमग्रस्त बच्चों एवं संवेदनशील परिवारों की पहचान करने पर जोर दिया गया।
श्रम विभाग को प्रवासी श्रमिकों के समूहों की पहचान कर उनके आवागमन और रोजगार स्थलों का डाटा तैयार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही प्रवासी श्रमिकों के परिवारों की स्थिति का आकलन कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में गिरिडीह एवं जमुआ के वन स्टॉप सेंटर तथा संरक्षण गृहों की व्यवस्था की भी समीक्षा हुई। उपायुक्त ने नियमित निरीक्षण, चिकित्सकीय जांच, काउंसलिंग एवं कौशल विकास प्रशिक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में मानव तस्करी के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया गया।
बैठक में एसपी डॉ. बिमल कुमार, डीडीसी स्मृता कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

