कोयल नदी तट पर पंचतत्व में विलीन हुए डॉन चौबे, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
कोयल के पावन तट पर पंचतत्व में विलीन हुए डॉन चौबे
अपनों की आंखें नम,हर हृदय में एक ही सवाल—इतनी जल्दी क्यों छोड़ गए हमें…
समग्र शिक्षा अभियान में कार्यरत राजीव चौबे उर्फ डॉन चौबे का शुक्रवार को उनके पैतृक गांव केतात में कोयल नदी के पावन तट पर अंतिम संस्कार किया गया।गुरुवार डाल्टनगंज में हृदयाघात से हुए उनके आकस्मिक निधन ने पूरे क्षेत्र को शोक और स्तब्धता में डुबो दिया था। जिस व्यक्तित्व की हंसी, आत्मीयता और जीवंत उपस्थिति से आसपास का वातावरण हमेशा गुलजार रहता था,आज वही चेहरा स्मृतियों में सिमटकर रह गया।
कोयल के शांत तट पर जब डॉन चौबे को अंतिम विदाई दी जा रही थी,तब वहां मौजूद हर आंख नम थी।यह केवल एक व्यक्ति की विदाई नहीं थी, बल्कि बचपन की यादों, मित्रता के अनगिनत किस्सों और उन आत्मीय रिश्तों का एक भावुक अध्याय था, जिसे समय भी कभी मिटा नहीं सकेगा।
उनके अंतिम दर्शन और दाह संस्कार में डाल्टनगंज के डिप्टी मेयर मनोज सिंह, भाजपा नेता अखिलेश तिवारी,सामाजिक कार्यकर्ता नवीन तिवारी,अधिवक्ता सतीश मिश्रा,डॉ.आलोक तिवारी,संतोष तिवारी पिंकू, अनुप सिन्हा,फोटू दूबे,प्रवीण तिवारी बंटू,सोनू तिवारी, ब्राइटलैंड स्कूल के प्राचार्य राहुल सिंह,अखिलेश पाण्डेय, संजय शुक्ला,हरिशंकर सहित बड़ी संख्या में शुभचिंतक, मित्र और ग्रामीण उपस्थित रहे।
इधर खुला मंच व्हाट्सएप ग्रुप के अध्यक्ष नवदीप सिंह ऋषि, एडमिन रजनीश सिंह, कोषाध्यक्ष राहुल मिश्रा,सह कोषाध्यक्ष रितेश कुमार टिंकू, हिमांशु शेखर ने डॉन चौबे के असामयिक निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।

