गुमला के दुनदुरिया बस स्टैंड पर वाहन चालकों को पढ़ाया गया यातायात नियमों का पाठ, दिलाई गई सुरक्षा की शपथ

दुनदुरिया बस स्टैंड में टेंपो एवं बस चालकों को पढ़ाया गया यातायात नियमों का पाठ, दी गई ‘गुड समारिटन’ की सीख और दिलाई गई सुरक्षा की शपथ

गुमला, 26 नवंबर 2026: झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर मनाए जा रहे ‘सड़क सुरक्षा पखवाड़ा’ के तहत गुरुवार को गुमला जिले के दुनदुरिया बस स्टैंड के सामने विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त दिलेश्वर महतो एवं जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) सत्येंद्र महतो के निर्देशानुसार मोटरयान निरीक्षक प्रदीप कुमार तिर्की एवं सड़क सुरक्षा टीम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से टेंपो, बस एवं अन्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता पंपलेट का भी वितरण किया गया।
ओवरलोडिंग से बचने और गति सीमा पालन की अपील
कार्यक्रम के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने टेंपो चालकों से विशेष रूप से अपील की कि वे किसी भी परिस्थिति में ओवरलोडिंग न करें और क्षमता से अधिक यात्रियों को वाहन में न बैठाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार सड़क दुर्घटनाओं के सबसे बड़े कारण हैं। इसके साथ ही दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर जोर दिया गया। चालकों को वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतने तथा निर्धारित गति सीमा के भीतर ही वाहन चलाने के महत्व को विस्तार से समझाया गया।
दुर्घटनाओं से बचाव के व्यावहारिक उपायों की दी गई जानकारी
जागरूकता अभियान में मौजूद विशेषज्ञों ने वाहन चालकों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों और उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी। चालकों को बताया गया कि थोड़ी सी लापरवाही न केवल उनकी खुद की, बल्कि यात्रियों और राहगीरों की जान भी खतरे में डाल सकती है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित वाहन चालकों को यातायात नियमों का हमेशा पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग की शपथ दिलाई गई।
‘गुड समारिटन’ और ‘गोल्डन आवर’ के महत्व पर जोर
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण केंद्र सरकार की ‘गुड समारिटन’ (नेक नागरिक) योजना की जानकारी देना रहा। अधिकारियों ने चालकों को प्रेरित करते हुए बताया कि यदि सड़क पर कोई दुर्घटना होती है, तो बिना किसी डर के घायल व्यक्ति को ‘गोल्डन आवर’ (दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा) के भीतर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि मदद करने वाले नेक नागरिकों को कानून द्वारा संरक्षण और सरकार द्वारा प्रोत्साहन दिया जाता है। इस पहल का उद्देश्य जिले में एक संवेदनशील और सुरक्षित यातायात संस्कृति को विकसित करना है।
इस जागरूकता कार्यक्रम को सफल बनाने में मोटरयान निरीक्षक रॉबिन अजय सिंह एवं प्रदीप कुमार तिर्की, जिला रोड इंजीनियर एनालिस्ट प्रणय कांशी तथा आईटी सहायक मंटू रवानी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। स्थानीय चालकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए यातायात नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया।