गिरिडीह के 13 प्रखंडों में चला विशेष स्वच्छता अभियान, पर्यटन और धार्मिक स्थलों की हुई सफाई

गिरिडीह। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से जिलेभर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को गिरिडीह जिले के सभी 13 प्रखंडों के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत खंडोली, हरिहर धाम, उसरी वाटरफॉल, दुखिया महादेव, राजदह धाम और सरिया सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित की गई।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, सुंदर एवं आकर्षक बनाना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। पर्यटन स्थलों और उनके आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, कचरे का उचित निस्तारण एवं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया।
अभियान के सफल संचालन के लिए सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों, अनुमंडल पदाधिकारियों सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई। जिला प्रशासन की ओर से स्वच्छता गतिविधियों की निगरानी भी की जा रही है, ताकि पर्यटन स्थलों पर स्वच्छ एवं अनुकूल वातावरण बना रहे।
जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले की प्राकृतिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण करते हुए पर्यटन स्थलों को बेहतर स्वरूप प्रदान करना है। इससे पर्यटकों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ जिले के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पर्यटन स्थलों पर कचरा नहीं फैलाएं और निर्धारित स्थानों पर ही कचरे का निस्तारण करें। प्रशासन ने स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए ‘स्वच्छ पर्यटन स्थल, सुंदर गिरिडीह’ के संकल्प को साकार करने में सभी से सहयोग की अपील की है।