गिरिडीह में ‘ऑरेंज द वर्ल्ड’ अभियान के तहत जागरूकता रैली, 300 विद्यार्थियों ने महिला हिंसा के खिलाफ उठाई आवाज़

गिरिडीह। महिलाओं एवं बालिकाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा और उत्पीड़न को रोकने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आज मंगलवार को इनर व्हील क्लब गिरिडीह की ओर से ‘ऑरेंज द वर्ल्ड’ मुहिम के तहत भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। गिरिडीह झंडा मैदान से निकाली गई इस रैली में सर जेसी बोस गर्ल्स हाई स्कूल और एचई हाई स्कूल के लगभग 300 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अलावा शहर की करीब 25 सामाजिक एवं विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों ने भी अपनी सहभागिता निभाकर अभियान को समर्थन दिया।
रैली का शुभारंभ गिरिडीह नगर निगम की महापौर प्रमिला मेहरा ने नारंगी झंडी दिखाकर किया। इस मौके पर उपमहापौर सुमित कुमार भी उपस्थित रहे। रैली में शहर के सभी रोटरी क्लब, लायंस क्लब, प्रेरणा शाखा, मारवाड़ी युवा मंच, माहुरी महिला समिति, बरनवाल समाज, कायस्थ समाज, कला संगम, कोयलांचल चैंबर ऑफ कॉमर्स, ब्राह्मण समाज सहित करीब 25 संस्थाओं के सदस्यों ने भाग लिया।
रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए महिला हिंसा के खिलाफ नारे लगाए और लोगों को महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करने तथा उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान नारंगी रंग अभियान का प्रमुख आकर्षण रहा। इनर व्हील क्लब की सभी सदस्याएं नारंगी परिधान में शामिल हुईं। क्लब की ओर से प्रतिभागियों को नारंगी कैप प्रदान की गई तथा नारंगी गुब्बारों का भी इस्तेमाल किया गया।
गौरतलब है कि ‘ऑरेंज द वर्ल्ड’ संयुक्त राष्ट्र की ओर से महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा समाप्त करने के उद्देश्य से चलाया जाने वाला वैश्विक अभियान है। यह अभियान प्रत्येक वर्ष 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक आयोजित किया जाता है। इसमें नारंगी रंग का उपयोग हिंसा से मुक्त, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के प्रतीक के रूप में किया जाता है।
इस अवसर पर महापौर प्रमिला मेहरा ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ घर, विद्यालय, कार्यस्थल और समाज के हर स्थान पर सम्मानपूर्ण व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने लोगों से महिला हिंसा के खिलाफ जागरूक होने और इसके उन्मूलन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही इनर व्हील क्लब गिरिडीह की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।